पालिका की अदभुत पहल – स्वच्छता दीदियों के कार्यस्थल मणि कंचन केंद्र में मनाया सावन झूला उत्सव।

( स्वच्छता दीदियों के कार्यस्थल में ही पालिकाध्यक्ष और महिला आयोग की सदस्या ने किया भोजन )

किरन्दुल – किरंदुल नगर पालिका परिषद के गांधीनगर स्थित एसआरएलएम सेंटर मणि कंचन केंद्र में सावन के पवित्र माह के अवसर पर सावन झूला उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं।इस आयोजन में नगर पालिका के प्लेसमेंट श्रमिक एवं एमसीसी महिलाओं के द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने महिलाओं को सावन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना की।उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से हमारी परंपरा और लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सहायता मिलती है और महिलाओं को आत्मबल और सहभागिता का अनुभव होता है।कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने झूला झूलने, लोकगीत गाने,पारंपरिक नृत्य और खेलकूद जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।विशेष रूप से आदिवासी परिधानों में सजी महिलाओं की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।इसके साथ ही राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं पालिका अध्यक्ष रूबी सिंह के द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिए।उल्लेखनीय बात यह रही कि पालिका परिषद ने इस बार स्वच्छता दीदियों के कार्यस्थल मणि कंचन केंद में ही सावन झूला उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया ।साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी और किरंदुल पालिकाध्यक्ष रूबी सिंह के साथ साथ उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्वच्छता दीदियों के कार्यस्थल मणि कंचन केंद में ही स्वच्छता दीदियों के साथ भोजन का लुत्फ उठाया ।इस अवसर पर महिला जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थे।