महासमुंद – बिजली दरों में लगातार हो रही वृद्धि से नाराज होकर आज ग्राम पटेवा में युवा कांग्रेस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की मौजूदगी और विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ लोधी के नेतृत्व में बिजली बिलों की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली गई, जिसके बाद बिजली विभाग कार्यालय के सामने बिलों का दहन कर विरोध जताया गया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए बिजली दरों में की गई वृद्धि को जनविरोधी बताया। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि लगातार महंगी होती बिजली से आमजन त्रस्त है। एक ओर बिजली आपूर्ति में भारी कटौती हो रही है, दूसरी ओर बिल बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में बिजली बिल आधा कर सभी वर्गों को राहत दी गई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने किसानों और आम नागरिकों पर दोहरी मार डाली है।विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ लोधी ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा शासन में जनता से धोखा किया जा रहा है। सरप्लस बिजली देने का वादा कर सत्ता में आई सरकार आज जनता को अंधेरे में रखकर ऊंचे बिल थमा रही है। हजारों-लाखों के बिल भेजकर परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगाड़ दी गईहै। विरोध प्रदर्शन के बाद युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर नगर पालिका अध्यक्ष के साथ बिजली कार्यालय को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बिल वृद्धि को वापस लेने की मांग की गई।इस प्रदर्शन में मोहम्मद अज़हर, मोहम्मद अरसद, द्वारिका कुर्रे, पुनेद्र ध्रुव, मनोज भाई, विकास साहू, अनुराग यादव, देव साहू, हेमंत यादव, रोमन कोशले, हंसराज जांगड़े, कुलदीप रौतिया, रोशन साहू, झनक पटेल, ओकार साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन शामिल हुए।
