अब तक लगभग 8 हजार क्विंटल बीज वितरित।
कांकेर – जिले में किसानों को समय पर बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए सहकारी समितियों द्वारा भण्डारण और वितरण कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। इस वर्ष धान बीज वितरण का लक्ष्य 12,690.80 क्विंटल निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध समितियों में 10,908 क्विंटल बीज का भण्डारण किया गया है। कृषि विभाग के उप संचालक ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए आईआर-64, एमटीयू-1010, एमटीयू-1001, स्वर्णा, विक्रम टीसीआर, एमटीयू-1156, सोनागाठी, डीआरआर-42 सहित विविध किस्मों का भंडारण किया गया, जिनमें से अब तक 7,999.20 क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर श्री नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार उर्वरक वितरण में भी समितियाँ सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। खाद बीज की उपलब्धता के आधार पर जिले के किसानों को मांग के आधार पर तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। यूरिया, डीएपी, एसएसपी, एमओपी व एनपीके सहित विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का कुल 29,488 मीट्रिक टन भंडारण किया गया, जिसमें से 24,427 मीट्रिक टन उर्वरक किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। यह व्यवस्था सुनिश्चित करती है कि जिले के किसानों को खेती के लिए जरूरी संसाधन समय पर मिलें और वे उत्पादन में किसी प्रकार की बाधा महसूस न करें। जिला प्रशासन और सहकारी समितियों की यह पहल कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
