मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना से लोगों को मिल रहा है लाभ – निखिल।

मोबाईल मेडिकल यूनिट बस से लोगों को मिल रही घर पहुंच सेवा।

महासमुंद – जरूरतमंद व गरीब तबके के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना की शुरुआत की गई है। इसके लिए नगर पालिका क्षेत्र के पूरे 30 वार्डों के लिए 01 मोबाईल मेडिकल यूनिट बस संचालित है। क्षेत्र के लोगों के द्वार तक पहुंचने वाली मोबाईल मेडिकल यूनिट वाली बसें स्वयं में एक अस्पताल है। जिसमें मेडिकल स्टाफ, मेडिकल उपकरण सहित मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाएं व निःशुल्क दवा उपलब्ध है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने वार्ड क्रमांक-11 में लगे कैम्प का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट के एपीएम. धर्मेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट में पर्याप्त मात्रा में दवाई उपलब्ध है। आज 49 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण व 23 मरीजों का लैब टेस्ट हुआ है। तथा सभी जांच कराने वाले मरीजों को निःशुल्क दवा का भी वितरण किया गया है। मोबाईल मेडिकल युनिट में 42 प्रकार के स्वास्थ्य की जांच की जाती है। जिसमें मुख्य रूप से सी.पी.सी. मशीन से जांच, एल.एफ.टी., थायराइड, विटामिन बी-12, विटामिन डी-03, यूरिक एसिड जैसे अन्य कई प्रकार के जांच कर लोगों का घर पहुंच स्वास्थ्य सुविधाएं सरकार द्वारा दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने इस संबंध में एपीएम को योजना का अधिक से अधिक प्रचार करने, वार्डों में मुनादी कराने का निर्देश देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में स्थानीय आबादी, खास तौर पर शहरी झुग्गी-झोपडियो में रहने वाले लोगों के सामने आने वाली स्वास्थ्य चुनौतियों के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व की छत्तीसगढ़ सरकार ने यह योजना को लागू किया है। इसका लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिलना चाहिए। इस दौरान डॉ.जी एस दीवान, लैब टेक्नीशियन प्रमिला राना, मनीषा साहू, फार्मेसिक पवन साहू व अन्य स्टाफ मौजूद रहे।