प्रतिवर्ष निजी खर्च पर चलाते हैं पानी टैंकर।
महासमुंद – प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू द्वारा नगर वासियों को जलापूर्ति के लिए निःशुल्क पानी टैंकर का शुभारंभ आज गुड़रुपारा के लोगों को जल वितरण कर किया गया। उल्लेखनीय है कि श्री साहू द्वारा 6 साल पूर्व 2018 से इस निःशुल्क पानी टैंकर का शुभारंभ किया गया था। तब से प्रतिवर्ष ग्रीष्म काल में नागरिकों को जलापूर्ति के लिए यह टैंकर उनके द्वारा शहर भर में चलाई जाती है। पूर्व के वर्षों में अनेक बार लोगों ने श्री साहू को स्वयं पानी टैंकर चलाकर जल वितरण करते देखा। इस वर्ष टैंकर का शुभारंभ करते उन्होंने कहा कि नगर वासियों को पानी की कमी न हो इसके लिए वे निःशुल्क टैंकर चलाकर जल वितरण करते हैं। पालिका द्वारा तीन समय पानी दिया जा रहा है। कहीं कहीं टुल्लू पंप लगाने की शिकायतें मिलती है, जिससे अन्य घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। उन्होंने नगर जनों से निवेदन किया कि पालिका द्वारा भरपूर पानी दिया जा रहा है, उसके अतिरिक्त टैंकर के माध्यम से भी पानी वार्डों तक पहुंचाया जा रहा है। अब निःशुल्क टैंकर भी शुरू हो चुकी है। अतः टुल्लू पंप लगाकर दूसरों को परेशानी में न डाले। ज्ञात हो यह निःशुल्क जल वितरण कार्य नपाध्यक्ष अपने निजी खर्च पर करते हैं। आज टैंकर के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
