बिजली पोल की नंबरिंग करेगा पालिका, व्यवस्था में आएगी सुधार।

महासमुंद – नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर नगर में पहली बार बिजली के पोलो की नंबरिंग शुरू की जाएगी। नगर पालिका द्वारा हर पोल पर नंबर अंकित किया जाएगा। जिससे खराबी की स्थिति में पहचान और मरम्मत में आसानी होगी। इसकी शुरुआत वार्ड क्रमांक 1 से होगी और वार्ड क्रमांक 30 में संपन्न होगी। इससे पोल या स्ट्रीट लाइट में खराबी होने पर मरम्मत या मेंटेनेंस में आसानी होगी। दरअसल, कई बार पोल या लाइट में खराबी होने पर संबंधित इलाके में पोल या स्थल खोजने में परेशानी होती है। इससे समस्या के समाधान में अधिक समय लगता है और लोगों को खामियाजा भुगतना पड़ता है। पोल का नंबर रहने पर आसानी से पहचान हो सकेगी। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इस व्यवस्था से प्रबंधन व मेंटेनेंस सिस्टम अधिक प्रभावी होगा। निगरानी व्यवस्था में भी सुधार होगी। इसके अलावा पालिका क्षेत्र के अंतर्गत चालू स्ट्रीट लाइटों का भी सर्वे किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी लाइट सुचारू रुप से काम करे। इस संबंध में आज नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने विधुत प्रभारी को निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है इसके लिए जोनल टीम गठित कर टीम को रात में नगर के सभी वार्डों में भ्रमण पर भेजें। ताकि खराब स्ट्रीट लाइटों को चिन्हित किया जा सके। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों की जियो टैगिंग कर दूसरे दिन लाइट दुरूस्त करने वाली टीम को सूचित किया जाये । इस अवसर पर मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नवसाद बक्स, पार्षद नीरज चंद्राकर, पूर्व पार्षद रिंकू चंद्राकर उपस्थित थे।