बीजापुर – जिला प्रशासन द्वारा कोविड के दौरान पढ़ाई में आई हुई बाधाओं को दूर करने और नए शिक्षा सत्र में बेहतर तैयारी के साथ स्कूल की शिक्षा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से कमाल का समर कैम्प संचालित किया जा रहा है। इस कैम्प में बच्चे बुनियादी शिक्षा के तहत भाषा और गणित के बुनियादी दक्षताओं को हासिल करेंगे तथा नए सत्र में स्वयं को अगली कक्षाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करेंगे। समर क्लास के प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा बच्चों को लर्निंग मटेरियल उपलब्ध कराया गया है जिसमें गांव-गांव में बच्चे गतिविधियों के माध्यम से आनंदमयी माहौल में सीखने को उत्साहित हैं।
बीजापुर ब्लॉक में 94, भैरमगढ़ में 110, भोपालपटनम में 123 और उसूर में 70 स्थानों पर स्थानीय युवाओं के द्वारा बच्चों के बौद्धिक और रचनात्मक रुचि अनुसार प्रतिदिन सुबह 7.30 से 9.00 बजे के बीच कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है जिसमें लगभग 5200 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं।
बच्चों के गुणवत्ता विकास में होगा लाभ – श्री संबित मिश्रा
समर क्लास कमजोर बच्चों के लिए एक अच्छी पहल है। शासन के निर्देशों के अनुरूप सुबह 2 घंटे लगभग 400 स्थानों पर बुनियादी शिक्षा को विकसित करने कक्षाएं लगाई जा रही है। समुदाय का सहयोग लेकर गांव के युवा इस कार्य में मदद कर रहे हैं। नए शिक्षा सत्र में इन कक्षाओं का लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा ।
