*िहंदुओं के साथ अत्याचार से क्षुब्ध प्रमोद सेवनलाल चंद्राकर ने छग राज्य लघु वनोपज संघ के प्रबंध संचालक को लिखा पत्र
महासमुंद – जिला वनोपज संघ महासमुंद के जिलाध्यक्ष प्रमोद ने प्रबंध संचालक छग राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ को पत्र प्रेषित कर पश्चिम बंगाल में हिंदू विरोधी गतिविधियों को लेकर वहां के समस्त व्यापारियों के साथ तेंदूपत्ता निविदा निरस्त करने की अनुशंसा की है। श्री चंद्राकर ने उक्ताशय की प्रतिलिपि सीएम समेत वनमंत्री, प्रबंध संचालक तथा सांसद व समस्त विधायकों को प्रेषित की है।जिला वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने प्रेषित पत्र में कहा है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद एवं घुलियान जिले में हिन्दुओं पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में साम्प्रदायिक हिंसा चरम पर है। बांग्लादेश की तर्ज पर अपने ही देश भारत में हिन्दुओं के साथ अत्याचार हो रहें है। उनके घरों में घूसकर उनसे मारपीट कर भगाया जा रहा है। सोशल मीडिया एवं प्रिन्ट मीडिया में मुर्शिदाबाद एवं घुलियान जिले में हिन्दु नरसंहार की खबरें रोज प्रकाशित हो रहीं है। यदि, हिन्दुस्तान में रहकर ही पश्चिम बंगाल की सोच देश विरोधी है, तो छत्तीसगढ़ से व्यापार करने का कोई औचित्य नहीं है। पश्चिम बंगाल जैसे देश विरोधी मानसिकता वाले राज्य के साथ छत्तीसगढ़ के शांतिप्रिय आदिवासी समाज के लोग व्यापार करने में असमर्थ है। शुरू से हमारा प्रदेश शांति एवं सौहार्द का संदेश वाहक रहा है। हम किसी भी देश विरोधी मानसिकता वाले के साथ ना ही व्यापार कर सकते हैं, आैर ना ही देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ व्यापार करना पसंद करते हैं। अत: जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित महासमुन्द अंतर्गत तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2025 में अग्रिम नियुक्त क्रेताओं में से पश्चिम बंगाल के क्रेता मुर्शिदाबाद बीड़ी वर्क्स धुलियान, जिला मुर्शिदाबाद (प.बं.), पताका इंडस्ट्रीज प्रा.लि. कोलकत्ता (प.बं.), आनंद बीड़ी फैक्ट्री, मुर्शिदाबाद (प.बं.) के साथ समस्त स्वीकृत निविदाओं को निरस्त करने की अनुशंसा मैं प्रमोद सेवनलाल चंद्राकर जिला वनोपज संघ महासमुंद के अध्यक्ष होने के नाते करता हूं। आगामी समय में पश्चिम बंगाल के किसी भी कंपनी के साथ हम तेंदूपत्ता का व्यापार नहीं करेंगे।जिलाध्यक्ष श्री चंद्राकर ने उक्ताशय की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वनमंत्री केदार कश्यप, सांसद रूपकुमारी चाैधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, बसना विधायक सम्पत अग्रवाल, सरायपाली विधायकचातुरी नंद तथा प्रबंध संचालक, जिला लघु वनोपज सहकारी संघ महासमुंद को प्रेषित की है।
