आलदंड में लगी नक्सली मूर्ति को नहीं तोड़ा जाएगा, नकारात्मक विचारों का देगा संदेश : आईजी सुंदराज …

आशीष परिहार /कांकेर । जिला कांकेर के ग्राम आलदण्ड में स्थापित हो रही मृतक नक्सली सोमजी की मूर्ति को ध्वस्त नहीं किया जाएगा, उक्त स्थान को हिंसात्मक व नकारात्मक विचारों के विरूद्ध में सीख लेने की पाठशाला के रूप में प्रचारित किया जाएगा। यह मूर्ति हिंसा एवं नकारात्मक विचारों के परिणाम दुखद एवं दर्दनाक होने का संदेश माओवादी कैडर को देते रहेगा। उक्त बातें बस्तर रेंज के आईजी सुंदराज पी. ने कही है।
जिल के आमाबेड़ा थाना क्षेत्रांतर्गत चुकलापाल के पास 18 फरवरी 2021 को सुरक्षाबल को क्षति पहुंचाने की नीयत से सीपीआई माओवादी के उत्तर बस्तर डिवीजन के कमेटी सदस्य सोमजी उर्फ सहदेव वेदड़ा द्वारा आईईडी लगाया जा रहा था उसी दौरान आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर खुद माओवादी का चिथड़े होकर स्पॉट में दर्दनाक मृत्यु हो गई। गृह ग्राम आलदण्ड थाना छोटे बेठिया जिला कांकेर में उनकी मूर्ति स्थापित करने के संबंध में परिजन एवं स्थानीय पुलिस से ग्रामीणों द्वारा संपर्क की गई। परिजन एवं ग्रामीणों द्वारा अवगत कराया गया कि सोमजी का घर का नाम मनीराम है, इसका बचपन गांव के अन्य बच्चों जैसे खेलते-कूदते एवं पढ़ते बिता है तथा इस दौरान वर्ष 2004 में उत्तर बस्तर डिवीजन के सीपीआई माओवादी कैडर सुजाता, ललिता एवं रामधेर द्वारा 14 साल की उम्र में जबरन उनको माओवादी संगठन में भर्ती किया जाकर उसके हाथ में बंदूक थमा दिया गया। आंध्रप्रदेश, तेलंगाना एवं महाराष्ट्र की बाहरी माओवादी कैडर की साजिश की चाल में फंसकर मनीराम वेदड़ा, सोमजी का स्वरूप लेकर विगत 17 वर्षों से खुद अपनी आदिवासी समाज की भक्षक बनकर कई निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों की हत्या करना, आगजनी, तोड़फोड़ एवं अन्य विनाशकारी गतिविधियों में शामिल रहा। परिजन एवं ग्रामीणों के लोगों द्वारा हिंसा छोड़कर घर वापस आने के लिए अनेक बार गुहार लगाने के बावजूद भी बाहरी माओवादी कैडर के चंगुल में फंसे हुये सोमजी द्वारा लगातार नकारात्मक एवं हिंसात्मक कार्यों में लगा रहा। अंततः खुद हिंसा का शिकार होकर 18 फरवरी को दर्दनाक मृत्यु हो गई।
हिंसात्मक विचारों का देगा संदेश
आईईडी विस्फोट में मारे गये माओवादी कैडर सोमजी के मूर्ति लगाने के पूर्व परिजन एवं ग्रामीण द्वारा स्थानीय पुलिस से संपर्क किया जाकर समाज की ओर से नकारात्मक एवं हिंसात्मक गतिविधियों के विरूद्ध विचार प्रकट की गया। यह मूर्ति क्षेत्र की जनता को हमेशा बाहरी माओवादी नेतृत्व की स्थानीय आदिवासी युवा एवं युवतियों की विरूद्ध रचे जा रही साजिश को याद दिलाएगा।
नहीं ध्वस्त की जाएगी मूर्ति
पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. द्वारा बताया गया कि ग्राम आलदण्ड में स्थापित की गई सोमजी उर्फ मनीराम की मूर्ति को ध्वस्त नही किया जाकर उस स्थान को हिंसा एवं नकारात्मक विचार के विरूद्ध सीख लेने की पाठशाला के रूप में प्रचारित की जावेगी।