प्रीमियम शराब दुकान में हुए घोटाले की उच्च स्तरीय जांच हो : पंकज।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – स्थानीय रायपुर रोड स्थित प्रीमियम वाइन शॉप में लाखों का फर्जीवाड़ा उजागर होने पर इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग पूर्व पार्षद पंकज साहू ने की है। श्री साहू ने कहा कि 37 लाख रुपए का घोटाला महंगे शराब के होलोग्राम निकाल कर उसे बेचना केवल 4 कर्मचारियों के बस की बात नहीं है। कहीं न कहीं इस मामले में आबकारी विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय शराब माफियाओं के संलिप्तता है। प्रीमियम दुकान से शराब निकलकर माफियाओं के पास पहुंचाया गया होगा, जिसे महंगे दाम में बेचकर आपस में बंदरबांट किया जाना परिलक्षित हो रहा है। श्री साहू ने कहा कि मुख्य विक्रयकर्ता अमित रॉय का अपने जन्मदिन पर अखबारों में बड़े बड़े विज्ञापन प्रकाशित करवाना तथा स्थानीय पालिका के जनप्रतिनिधि के जन्मदिन पर भी बड़े बड़े विज्ञापन अखबारों में प्रकाशित करवाना इस घोटाले की मिलीभगत को इंगित करता है। श्री साहू ने आगे कहा कि इस पूरे मामले में आॅडिट संस्था कलोटी एंड एसोसिएट्स की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। साथ ही पूर्व में घटित इसी प्रीमियम दुकान में आगजनी की घटना की सूक्ष्मता से जांच हो तथा घोटाले व आगजनी मामले में संलिप्त दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो।