विज्ञान मेला में पिथौरा प्रथम।
प्रमोद दुबे
महासमुंद – छत्तीसगढ़ सरकार के गठन एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ’सुशासन सप्ताह’ के अंतर्गत आज जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन सिरपुर में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, दाऊ लाल चंद्राकर, उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप, जिला परिवहन अधिकारी आर के ध्रुव, सहायक संचालक शिक्षा सतीश नायर, पोषण साहू जनसंपर्क, मधु साहू, ए आर ध्रुव सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केन्द्र महासमुंद के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित युवा कृति एवं विज्ञान मेला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें अपनी कला एवं कौशल दिखाने का अवसर मिलता है। इस उत्सव के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को एक मंच प्रदान किया गया, जिससे युवाओं के कौशल को नई पहचान मिल सके। उन्होंने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी युवाओं ने सामूहिक एवं व्यक्तिगत रूप से विकासखण्ड स्तर पर विजेता बनकर जिला स्तरीय कार्यक्रम में अपने-अपने हुनर का प्रदर्शन किया है आप सभी बधाई के पात्र है। कार्यक्रम में जिले भर से आए प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी कला का प्रदर्शन किया। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शुभारंभ अवसर पर सामूहिक जुडो का प्रदर्शन भी किया गया।सांस्कृतिक आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
