शिव महापुराण कथा में शामिल हुए निखिलकांत
महासमुंद – स्थानीय गुड़रुपारा वार्ड 27 में 1से 5 दिसंबर तक महिला समिति व मोहल्ले वासियों द्वारा 5 दिवसीय श्री हरिहर शिव महापुराण कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें कथा विराम दिवस पर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व नपा सभापति निखिलकांत साहू शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव की पूजा अर्चना कर श्रीफल समर्पित किया तथा कथा वाचक पंडित धनंजय तिवारी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान आयोजक महिला समिति की पदाधिकारियों माताओं, बहनों ने श्री साहू का पुष्पमाला व श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। अपने संबोधन में निखिलकांत ने कहा कि वार्ड 27 गुरुपारा की माताएं, बहनों की सक्रियता सराहनीय है। धार्मिक कार्यों में इस वार्ड की माताएं हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती है, जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा साबित हो रही है। उन्होंने भक्तिमय आयोजन के लिए वार्ड वासियों को शुभकामनाएं दी। कथा प्रसंग के अंतिम दिवस पंडित तिवारी ने पशुपति नाथ, अर्धनारीश्वर, भस्म धारण की कथा सुनाई। कथा वाचक ने कहा कि महादेव की भक्ति से सारे कष्टों का निवारण होता है, सारे भय दूर हो जाते हैं। अंत में हवन पूजा के बाद भव्य शोभा यात्रा वार्ड भ्रमण के लिए निकाली गई तथा सभी को प्रसाद का वितरण किया गया।
शिव महापुराण कथा में शामिल हुए निखिलकांत।
