ग्राम बुधवारा में जल जीवन मिशन के तहत। हर घर जल उत्सव का आयोजन 

कवर्धा – जल जीवन मिशन अंतर्गत जिला कबीरधाम, विकासखंड सहसपुर लोहारा के ग्राम बुधवारा में प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो गई है। 14.09.2024 को ग्राम में हर घर जल उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ग्रामवासी, सरपंच श्रीमती उषाबाई सिन्हा और ग्राम सचिव पंचराम पटेल की उपस्थिति में इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का जश्न मनाया गया। ग्राम बुधवारा में 72.37 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता वाली उच्चस्तरीय जलागार का निर्माण किया गया, जिससे गांव के सभी 109 घरों को नियमित रूप से प्रतिदिन नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
उत्सव के दौरान यह निर्णय लिया गया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत गांव में पानी की आपूर्ति को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक घर से 50 रुपये मासिक जल कर लिया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य गांव में जल आपूर्ति की व्यवस्था को स्वसंचालित और सतत बनाए रखना है।
जल जीवन मिशन की सफलता
जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण भारत के हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। ग्राम बुधवारा में इस योजना के सफल क्रियान्वयन से न केवल पानी की समस्या का समाधान हुआ है, बल्कि ग्रामवासियों के जीवन स्तर में भी सुधार आया है। अब ग्रामीणों को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और उन्हें शुद्ध पानी उनके घर पर ही उपलब्ध हो रहा है। यह मिशन सरकार की एक दूरदर्शी पहल है, जो पूरे देश में ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट को स्थायी रूप से हल करने का प्रयास कर रहा है।
ग्रामवासियों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव
पहले ग्राम बुधवारा के निवासी पेयजल के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर रहते थे, लेकिन अब नल कनेक्शन के माध्यम से अपने घरों में ही शुद्ध पेयजल प्राप्त कर रहे हैं। यह उनके स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होने के साथ ही उनके जीवन स्तर में भी सुधार ला रहा है। पहले गर्मियों में हैंडपंप और कुएं सूख जाने से पानी की किल्लत होती थी, लेकिन जल जीवन मिशन के तहत यह समस्या अब पूरी तरह समाप्त हो गई है।
ग्रामवासियों ने व्यक्त किया आभार
ग्राम बुधवारा की निवासी रामकली सिन्हा और शकुन सिन्हा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “पहले हमें पानी के लिए हैंडपंप या कुएं पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे पूरे दिन का काफी समय पानी लाने में चला जाता था। खेतों में काम करने और अन्य कार्यों में काफी दिक्कत होती थी। लेकिन अब नल जल कनेक्शन मिलने से हमारे घरों में शुद्ध पानी की सुविधा उपलब्ध है और हमें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।”
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार
ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती उषाबाई सिन्हा और सभी ग्रामवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने जल जीवन मिशन के माध्यम से यह योजना गांव-गांव तक पहुंचाई। ग्रामवासियों ने कहा कि नल कनेक्शन मिलने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है और अब वे अपने अन्य कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।