“सही पार्किंग से, सड़कें खुली और सुरक्षित, भाईचारा बनाए रखें, यातायात में सहयोग सुनिश्चित करें” – देविंदर भाटिया

नेहरू नगर व्यापारी संघ ने नेहरू नगर क्षेत्र का कमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के जरूरी कुल 10 बिन्दुओ हेतु ज्ञापन सौपा ।

भिलाई  – नेहरू नगर व्यापारी संघ के पदाधिकारी, अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया, उपाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, महासचिव जगदीश आहूजा, सह सचिव संदीप सिंघल ने कमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में कुल दस लंबित कार्यों और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु रूप से सुनिश्चित करने हेतु नगर पालिका निगम, ज़ोन 1 के ज़ोन आयुक्त  राजपूतजी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात पुलिस विभाग) श्रीमती ऋचा जी से चर्चा कर ज्ञापन सौंपा। देविंदर भाटिया ने बताया कि ज़ोन आयुक्त से 10 बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें प्रमुख मुद्दे थे: 1) परिसर के सामने की सड़कों की मरम्मत और विकास: क्षेत्र में सड़कों की हालत खराब है, जिसे शीघ्र मरम्मत की आवश्यकता है। 2) चार पार्किंग क्षेत्रों में पेवर ब्लॉक लगाना: इन पार्किंग क्षेत्रों में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य अधूरा है। 3) पार्किंग में प्रकाश व्यवस्था: वर्तमान में पार्किंग क्षेत्रों में प्रकाश की कमी है, जिससे असामाजिक गतिविधियाँ बढ़ रही हैं। प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करना आवश्यक है। 4) कॉम्प्लेक्स में एकमात्र उद्यान का विकास: बैंक ऑफ बड़ोदा के पास स्थित इस उद्यान के विकास की तत्काल आवश्यकता है। 5) पानी की आपूर्ति बहाल करना: पिछले कई वर्षों से पानी की आपूर्ति बाधित है, जिसे तत्काल बहाल करने की आवश्यकता है। 6) संपत्ति कर में छूट: आवासीय सह-व्यवसायिक क्षेत्र के लिए संपत्ति कर में 50% की छूट का प्रवधान लागू करना। 7) वॉटर एटीएम की मरम्मत: वॉटर एटीएम एक वर्ष से अधिक समय से बंद है। इसका शीघ्र मरम्मत कर समरसिबल पंप लगाने की आवश्यकता है। 8) सर्विस सड़कों की मरम्मत: अमृत मिशन 2 के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान सर्विस रोड टूट गई थी, जिसकी मरम्मत लंबित है। 9) ओल्ड साडा कॉम्प्लेक्स में प्रकाश व्यवस्था और सफाई: क्षेत्र में प्रकाश की कमी और सफाई की समस्या है, जिसे तत्काल समाधान की आवश्यकता है। 10) अवैध पार्किंग के कारण हो रही जाम की समस्या: अवैध पार्किंग की वजह से यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिसका समाधान अत्यंत आवश्यक है। उपाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने यातायात पुलिस विभाग की सराहना करते हुए बताया कि एएसपी, यातायात पुलिस के निर्देशानुसार तुरंत कार्रवाई की गई। एसआई ट्रैफिक, व्यापारी संघ के साथ मिलकर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स स्थित महिंद्रा कोचिंग, आईसीआईसीआई बैंक एवं सर्विस रोड पर खड़ी अन्य वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवाने की समझाइश दी। इसका सकारात्मक असर अगले दिन 17 अक्टूबर को भी देखा गया। दिनेश अग्रवाल ने यह भी कहा कि ऐसी कार्रवाई एक माह तक हर सप्ताह एक बार जारी रहनी चाहिए, ताकि सड़क पर अव्यवस्थित वाहन खड़ा करने की आदत में सुधार हो सके। सह सचिव संदीप सिंघल ,सदस्य रविंदर अग्रवाल एवं महासचिव जे.आहूजा भी पुलिस प्रशासन के साथ स्थल पर उपस्थित रहकर समझाइश देते रहे।